June 4, 2026 5:27 am

आशा भोसले के निधन पर देश शोक में: पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु और सीएम साय समेत नेताओं ने जताया दुख

 

नई दिल्ली/मुंबई, 12 अप्रैल 2026 (रविवार)। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। 92 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई प्रमुख नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे भारत की सबसे आइकॉनिक और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या उनकी जोशीली रचनाएं, उनकी आवाज हमेशा बेमिसाल रही।”
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि “उनके साथ हुई मुलाकातों की यादें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा” और उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी आशा भोसले के निधन को संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि “उनके निधन से संगीत की दुनिया में एक बहुत बड़ा खालीपन आ गया है। एक महान गायिका के तौर पर उनके शानदार करियर ने भारत में संगीत के एक पूरे दौर को परिभाषित किया है।” राष्ट्रपति ने उनके साथ हुई मुलाकातों को भी याद किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि आज हर भारतीय और विशेष रूप से हर संगीत प्रेमी के लिए यह बेहद दुखद दिन है। उन्होंने कहा, “आशा ताई ने अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से न सिर्फ एक अलग पहचान बनाई, बल्कि भारतीय संगीत को भी समृद्ध किया।” शाह ने कहा कि उनकी आवाज ने करोड़ों दिलों को छुआ और वे सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले का निधन अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि “अपनी मधुर और हृदयस्पर्शी आवाज से उन्होंने दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया और करोड़ों दिलों में अमिट स्थान बनाया।” मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

आशा भोसले के निधन से फिल्म और संगीत जगत में भी गहरा शोक है। सुरों की यह अमर आवाज भले ही खामोश हो गई हो, लेकिन उनके गीत और उनकी विरासत हमेशा लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें