March 26, 2026 1:39 am

बस्तर में माओवादियों को गृहमंत्री अमित शाह की चेतावनी: नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन 2026, आत्मसमर्पण ही रास्ता, देखें Video

 अमित शाह ने बस्तर से नक्सलियों को दी अंतिम चेतावनी

जगदलपुर / केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि अब उन्हें हथियार डालने होंगे, वरना सुरक्षा बल मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने एलान किया कि नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए सरकार ने 31 मार्च 2026 तक की समयसीमा तय की है।

जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा लोकोत्सव और स्वदेशी मेला को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि नक्सलियों के साथ अब किसी तरह की बातचीत की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आत्मसमर्पण और पुनर्वास की एक आकर्षक नीति लागू की है, जिसे स्वीकार करके नक्सली मुख्यधारा में लौट सकते हैं।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सिर्फ विकास की बात होगी, बंदूक की नहीं। जो लोग बस्तर की शांति भंग करेंगे, उन्हें सुरक्षा बल करारा जवाब देंगे। शाह ने कहा कि कुछ लोग वर्षों से नक्सलवाद को विकास की लड़ाई बताते रहे, लेकिन सच्चाई यह है कि नक्सलवाद ही बस्तर के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पहले जिन बच्चों के हाथों में बंदूकें थमा दी गई थीं, अब उनके हाथों में किताबें हैं। यह बदलाव इस बात का प्रमाण है कि बस्तर अब हिंसा से नहीं, शिक्षा और विकास से जुड़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के विकास प्रयासों का ज़िक्र करते हुए शाह ने बताया कि पिछले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ को विकास कार्यों के लिए चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 2026 के बाद नक्सली न तो जनता के अधिकारों को रोक पाएंगे और न ही उनके विकास में बाधा डाल सकेंगे।

उन्होंने जनता से अपील की कि जो लोग अब भी हिंसा की राह पर हैं, उन्हें समझाएं और मुख्यधारा से जोड़ें। सरकार तैयार है उन्हें पुनर्वास का अवसर देने के लिए, लेकिन हिंसा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मां दंतेश्वरी के दर्शन  के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

इस से पूर्व  दौरे की शुरुआत गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए मां का आशीर्वाद मांगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें