March 26, 2026 7:39 am

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गांधी और शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा- उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायक

 

रायपुर 2 अक्टूबर 2025
राजधानी रायपुर में गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय और शहर के प्रमुख स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों और विचारों को नमन किया और जनता से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय रायपुर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से देश को आजादी दिलाने के आंदोलन को नई दिशा दी। उनका जीवन यह सिखाता है कि दृढ़ निष्ठा और सत्याग्रह से कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया जा सकता है। आज भी गांधी जी के विचार समाज को बेहतर दिशा देने में सहायक हैं और हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी और सेवा को सर्वोपरि रखा। उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा देकर देश के जवानों और किसानों का मनोबल बढ़ाया। उनकी ईमानदारी और निष्ठा आज भी नागरिकों को प्रेरित करती है।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के आजाद चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा और शास्त्री चौक में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने गांधी जी की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने भारत के स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा दी और साथ ही सामाजिक जीवन में स्वच्छता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया। उनका दर्शन आज भी हर नागरिक के लिए मार्गदर्शक है।

शास्त्री जी को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शास्त्री जी का स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। उनका सत्य सादगी और अनुशासन से भरा जीवन पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा रहा है। उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा देकर आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा महापौर मीनल चौबे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव तथा अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गांधी और शास्त्री जी के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं बल्कि आज भी जीवंत हैं। यदि भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है तो उनके सिद्धांतों को अपनाना होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें