भारत फाइनल में: रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, 253 रन का पहाड़ जैसा स्कोर भी मुश्किल से बच
मुंबई, 5 मार्च।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
अब फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय पारी की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 42 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए, हालांकि वह शतक से चूक गए। शिवम दुबे ने 25 गेंद पर 43 रन, इशान किशन ने 18 गेंद पर 39 रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद पर 27 और तिलक वर्मा ने 7 गेंद पर 21 रन की तेज पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 11 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि वरुण चक्रवर्ती बिना खाता खोले नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट लिए।
254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन जैकब बेथल ने शानदार शतकीय पारी खेलकर मैच को आखिरी ओवर तक रोमांचक बना दिया। बेथल ने 48 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। विल जैक्स ने 20 गेंद पर 35 रन और जोस बटलर ने 17 गेंद पर 25 रन बनाए। सैम करन ने 18 रन जोड़े, जबकि जोफ्रा आर्चर 4 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी।
मैच का टर्निंग पॉइंट 18वां ओवर साबित हुआ, जब जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 6 रन दिए। इससे इंग्लैंड पर दबाव बढ़ गया। भारत के लिए हार्दिक पंड्या ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। अब खिताब के लिए टीम इंडिया का मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से होगा।













