March 26, 2026 12:23 am

बिहार के मंत्री नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली | बिहार सरकार में परिवहन मंत्री और बांकीपुर से विधायक नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह निर्णय भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में लिया गया, जिसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी।

45 वर्षीय नितिन नबीन वर्ष 2010 से लगातार बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और संगठन व सरकार—दोनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह दायित्व संभालेंगे।

भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2024 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे एक्सटेंशन पर कार्य कर रहे थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि नितिन नबीन एक मेहनती, युवा और परिश्रमी कार्यकर्ता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। उन्होंने बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में प्रभावी योगदान दिया है।

सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना

फिलहाल नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। यदि भविष्य में उन्हें पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाता है, तो वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।

शीर्ष नेताओं की प्रतिक्रियाएं

गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने युवा मोर्चा से लेकर प्रदेश प्रभारी तक हर संगठनात्मक दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन नए आयाम स्थापित करेगा।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में कई दिग्गज

भाजपा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर मंथन तेज़ है। दावेदारों में शिवराज सिंह चौहान, सुनील बंसल, धर्मेंद्र प्रधान, रघुवर दास, वानति श्रीनिवासन, तमिलिसाई सौंदर्यराजन और डी. पुरंदेश्वरी जैसे वरिष्ठ नाम शामिल हैं। पार्टी जातीय, क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखकर निर्णय ले सकती है।

भाजपा जल्द ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकती है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें