March 25, 2026 9:42 pm

भारत की जनगणना पहली पूरी तरह होगी डिजिटल , 33 सवालों के साथ हर-घर पहुंचेंगे गणनाकार

Indian Revolution

 

हर दस साल में होने वाली भारत की जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल होगी। Census 2027 को कागजी फॉर्म और रजिस्टरों की जगह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, जियो-टैगिंग मैपिंग टूल और एक केंद्रीकृत वेब आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए आयोजित किया जाएगा। यह देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी।

जनगणना 2027 का संचालन जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) नामक विशेष डिजिटल पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। यह पोर्टल दुनिया के सबसे बड़े प्रशासनिक अभ्यासों में से एक भारतीय जनगणना की पूरी प्रक्रिया को संचालित और मॉनिटर करेगा।

करीब 32 लाख फील्ड कार्यकर्ता, जिनमें गणनाकार और पर्यवेक्षक शामिल होंगे, मोबाइल डिवाइस के जरिए देशभर के करोड़ों घरों से जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक आंकड़े एकत्र करेंगे। एकत्र किया गया डेटा CMMS प्रणाली के माध्यम से तुरंत ट्रांसमिट, संकलित और सत्यापित किया जा सकेगा, जिससे त्रुटियों में कमी आएगी और समय की बचत होगी।

जनगणना के दौरान गणनाकार घर-घर जाकर कुल 33 सवाल पूछेंगे। इन सवालों के जरिए परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और जनसंख्या संबंधी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। डिजिटल प्रक्रिया के तहत हर घर की जियो-टैगिंग की जाएगी, जिससे प्रत्येक आवास की यूनिक पहचान सुनिश्चित हो सकेगी।

भारत के रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को जारी परिपत्र में कहा है कि जनगणना 2027 में डेटा संग्रह और प्रसार की गुणवत्ता, दक्षता और समयबद्धता बढ़ाने के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। उन्होंने इसे जनगणना प्रक्रिया के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी कदम बताया है।

परिपत्र के अनुसार, CMMS के जरिए यूजर निर्माण, प्रशिक्षण मॉड्यूल, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का गठन, सुपरवाइजरी सर्किल का निर्धारण, गणनाकर्मियों की नियुक्ति, पहचान पत्र जारी करने और फील्ड ऑपरेशन की रियल-टाइम निगरानी संभव होगी। साथ ही, भूमिका-आधारित एक्सेस कंट्रोल के माध्यम से संचालन और मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।

इस तरह Census 2027 न केवल तकनीकी रूप से उन्नत होगी, बल्कि डेटा की सटीकता और पारदर्शिता के लिहाज से भी एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें