रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने होली के अवसर पर बड़ा निर्णय लेते हुए 4 मार्च 2026 को पूरे प्रदेश में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर होली को फिर से ड्राई डे घोषित किया गया है। आबकारी विभाग जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करेगा।
दरअसल, नई आबकारी नीति 2026-27 में ड्राई डे की संख्या सात से घटाकर चार करने का प्रस्ताव था और इसमें होली को सूची से हटाया गया था। इस फैसले के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध सामने आया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक नेताओं और नागरिक समूहों ने त्योहार के दिन शराब बिक्री का विरोध किया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना आवश्यक है, इसलिए होली पर ड्राई डे का पूर्व नियम ही लागू रहेगा।












