March 26, 2026 12:26 pm

छत्तीसगढ़ देगा देश को हेल्थकेयर का नया मॉडल: नवा रायपुर मेडिसिटी पर बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 29 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर में विकसित की जा रही ‘मेडिसिटी’ मध्य भारत में स्वास्थ्य क्रांति की नई शुरुआत है। 200 एकड़ में उभर रहा यह विशाल हेल्थकेयर सिटी आने वाले वर्षों में न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के करोड़ों लोगों को अत्याधुनिक, सुलभ और किफायती चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर मेडिसिटी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ, मेडिकल शिक्षा, अनुसंधान और मेडिकल टूरिज्म—सभी को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए भारत के विकसित भविष्य की मजबूत आधारशिला बनेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिसिटी का उद्देश्य ‘सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य’ के लक्ष्य को वास्तविक रूप देना है। इसके लिए कार्डियोलॉजी, कैंसर साइंस, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ऑर्गन ट्रांसप्लांट और मल्टी–स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स जैसे उन्नत संस्थान विकसित किए जा रहे हैं। यहां 5,000 से अधिक बेड क्षमता वाली विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे नवा रायपुर देश का अग्रणी हेल्थ हब बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी, नर्सिंग कॉलेज, रिसर्च इंस्टीट्यूट और पैरामेडिकल ट्रेनिंग सेंटर नई पीढ़ी के कुशल डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करेंगे। ‘वॉक-टू-हॉस्पिटल’ मॉडल, पर्यावरण अनुकूल डिजाइन और सुगम सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मेडिसिटी को पूरी तरह ह्यूमन–सेंट्रिक और भविष्य उन्मुख बनाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नवा रायपुर पहले से ही श्री सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल और बालको कैंसर हॉस्पिटल जैसे उत्कृष्ट संस्थानों के कारण हेल्थकेयर मैप पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। मेडिसिटी के स्थापित होने से यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय मेडिकल टूरिज्म का केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि यह परियोजना स्वास्थ्य, फार्मा, वेलनेस और सेवा क्षेत्रों में हजारों रोजगार सृजित कर राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी। मेडिसिटी न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का भी एक मजबूत इंजन बनेगी, जो आने वाले दशकों तक छत्तीसगढ़ की प्रगति को नई दिशा देगा।

 

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें